रायगढ़@TAKKAR न्यूज :- भारतीय रेलवे ने यात्रियों की भारी भीड़ और कन्फर्म टिकट की बढ़ती मांग को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में जहां यात्रियों को कन्फर्म बर्थ उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त कोच जोड़े जा रहे हैं, वहीं समर स्पेशल ट्रेनों के समय और ठहराव में भी अहम बदलाव किए गए हैं। अगर आप भी आने वाले दिनों में इन रूटों पर सफर करने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले यह अपडेट जरूर पढ़ लें।

शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस में अतिरिक्त थर्ड एसी (AC-3) कोच

यात्रियों को अधिकाधिक कन्फर्म बर्थ उपलब्ध कराने के लिए रेलवे ने गाड़ी संख्या 18030/18029 शालीमार-एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त AC-3 कोच लगाने का निर्णय लिया है। यह विशेष सुविधा गाड़ी संख्या 18030 शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस में 13 जून और 17 जून 2026 को उपलब्ध रहेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 18029 एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस में यह सुविधा 15 जून और 19 जून 2026 को मिलेगी।

गोंदिया-रक्सौल समर स्पेशल: समय-सारणी में संशोधन और नए स्टॉपेज

गाड़ी संख्या 08867/08868 गोंदिया-रक्सौल-गोंदिया समर स्पेशल ट्रेन के समय में झारसुगुड़ा एवं रांची स्टेशनों पर आंशिक संशोधन किया गया है। 14 जून 2026 से रक्सौल से चलने वाली ट्रेन संख्या 08868 रक्सौल–गोंदिया समर स्पेशल अब झारसुगुड़ा स्टेशन पर रात 22:03 बजे पहुंचेगी और 22:05 बजे प्रस्थान करेगी। रांची स्टेशन की बात करें तो 13 जून 2026 से गोंदिया से चलने वाली ट्रेन संख्या 08867 गोंदिया–रक्सौल समर स्पेशल रात 21:10 बजे पहुंचेगी और 21:20 बजे प्रस्थान करेगी। इसके अलावा वापसी में 14 जून से रक्सौल-गोंदिया समर स्पेशल (08868) दोपहर 15:30 बजे रांची पहुंचेगी और 15:40 बजे प्रस्थान करेगी।

इसके साथ ही इस ट्रेन को हटिया और मूरी स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव भी दिया गया है। 13 जून 2026 से गोंदिया से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 08867 हटिया स्टेशन पर रात 20:45 बजे पहुंचकर 20:50 बजे रवाना होगी और मूरी स्टेशन पर रात 22:35 बजे पहुंचकर 22:37 बजे प्रस्थान करेगी। इसी तरह 14 जून 2026 से रक्सौल से रवाना होने वाली गाड़ी संख्या 08868 मूरी स्टेशन पर दोपहर 14:13 बजे पहुंचकर 14:15 बजे रवाना होगी तथा हटिया स्टेशन पर दोपहर 15:55 बजे पहुंचकर 16:00 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी।

श्री गंगानगर–पुरी एक्सप्रेस में लगा अतिरिक्त स्लीपर कोच

प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए रेलवे ने गाड़ी संख्या 20471/20472 श्री गंगानगर–पुरी–श्री गंगानगर एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ने का फैसला किया है। इस व्यवस्था के तहत गाड़ी संख्या 20471 श्री गंगानगर–पुरी एक्सप्रेस में 07 जून 2026 से 28 जून 2026 तक तथा वापसी में गाड़ी संख्या 20472 पुरी–श्री गंगानगर एक्सप्रेस में 10 जून 2026 से 01 जुलाई 2026 तक एक अतिरिक्त स्लीपर कोच की सुविधा यात्रियों को मिलेगी।

रेलवे की अपील

रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों से आग्रह किया है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की समय-सारणी एवं ठहराव की सटीक और अद्यतन जानकारी रेलवे की अधिकृत वेबसाइट, एनटीईएस (NTES) ऐप या संबंधित पूछताछ केंद्रों (139) से अवश्य प्राप्त कर लें ताकि किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।